Himachal Pradeshहिंदी खबरें

2 हफ्ते बाद खुला मिनी स्विट्जरलैंड का रास्ता; सैलानियों को खूब लुभा रही बर्फ से ढकी घाटी

राजेन्द्र ठाकुर/चम्बा

बर्फ से ढकी हिमाचल की वादियां पर्यटकों को खूब लुभा रही हैं। इसी बीच मंगलवार को उस वक्त सैलानियों के लिए मंगलकारी खबर आई, जब लोक निर्माण विभाग (PWD) ने मिनी स्विट्जरलैंड कहलाते डलहौजी-खजियार रूट पर ट्रैफिक सुचारू करने में कामयाबी पा ली। इससे पहले यह रूट पिछले 14-15 दिन से कई फीट बर्फ में ढका था और यहां से आना-जाना खतरे से खाली नहीं था। बहरहाल, राहत वाली बात है और लोग सुहाने मौसम का जमकर आनंद उठा रहे हैं।

बता दें कि चंबा जिले में प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खजियार, डलहौजी, लक्कड़मंडी, पोलाहणी माता, बनीखेत, बाथरी, कांदु, पजोह, टिकर, माणी, तीसा, भरमौर, पांगी और दूसरे ऊपरी इलाकों में 30 जनवरी की शाम बर्फबारी का दौर शुरू हुआ था। इससे पहले सर्दियों का सारा सीजन लगभग सूखा ही बीत गया था। अब जब बर्फबारी शुरू हुई तो रातभर में ही डलहौजी, लक्कड़मंडी, पोलाहणी माता मंदिर, काला टॉप और उसके आसपास लगभग 8 इंच बर्फ गिरी थी। इसके बाद और बर्फबारी हुई तो तमाम रास्ते बंद हो गए थे। एक ओर लोक निर्माण विभाग (PWD) का अमला लोगों को राहत दिलाने के लिए रास्तों को बहाल करने में जुटा था और दूसरी ओर कुदरत इन्हें रोकने में लगी थी। अब मंगलवार को ही राहत की खबर आई है।

रोड पर जमा थी 4 फीट बर्फ

इस बारे में विभाग के डलहौजी मंडल के अधिशासी अभियंता अतुल कुमार ने बताया कि डलहौजी से खजियार तक के मार्ग पर लगभग 4 फीट बर्फ होने के कारण यह मार्ग बंद था। पिछले एक हफ्ते से विभाग लगातार बर्फ हटाने वाली मशीनरी लगाकर बर्फ साफ करने का कार्य कर रहा था और कल छोटे वाहनों के लिए यह मार्ग खोल दिया गया है। उधर, इस राहत के बाद अब देश के भिन्न-भिन्न राज्यों से आए सैकड़ों सैलानी मनमोहक पर्यटक स्थल का आनंद उठा रहे हैं, वहीं देश की सरहदों के प्रहरियों के लिए भी यह मार्ग बहुत अधिक महत्वपूर्ण है।

Show More

Related Articles

Back to top button