Himachal Pradesh

वन विकास निगम का टारगेट 50 करोड़ प्रोफिट; जल्द वितरित होगा 24 करोड़ का बिरोजा

चम्बा(राजेन्द्र ठाकुर). चंबा में बीते दिन हिमाचल प्रदेश वन विकास निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची ने प्रेसवार्ता में कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के मार्गदर्शन में वन विकास निगम को लगातार प्रोफिट में लाने के प्रयास जारी हैं। चालू वित्त वर्ष में निगम को 50 करोड़ का प्रोफिट दिलाने का लक्ष्य है। उन्होंने बताया इस वक्त वन निगम के पास 24 करोड़ का बिरोजा है, जिसका जल्द ही वितरण होगा।

वन विकास निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची ने कहा कि बालन की दरें इस ढंग से निर्धारित की जाएंगी, ताकि गरीब आदमी सर्दी के सीजन में बिना किसी परेशानी के बालन खरीद सकें। उन्होंने बताया कि किस तरह से वन विकास निगम को प्रोफिट में लाया जा सकता है उसकी संभावनाएं तलाशने के लिए ही वह इन दिनों चंंबा जिले के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने हिमकाष्ठ विक्रय डिपो उदयपुर और सेल डिपो सुल्तानपुर का निरिक्षण करके अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए हैं। जनजातीय उपमंडल पांगी के लिए आवश्यकता के अनुरूप बालन की आपूर्ति जल्द सुनिश्चित बनाने के भी निर्देश दिए गए हैं। साथ ही रावी नदी में बाढ़ के दौरान ड्रिफ्टवुड बिक्री से संबंधित मामले पर विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश जारी किए हैं।

उन्होंने बताया कि चुराह वन मंडल से 550 घन मीटर, वन मंडल चंबा से 165 घन मीटर और भरमौर वन मंडल से 12 घन मीटर ड्रिफ्टवुड की नीलामी को लेकर विभागीय प्रक्रिया संपूर्ण कर निदेशक उत्तरी क्षेत्र धर्मशाला को स्वीकृति के लिए मामला प्रेषित करने को कहा गया है। उधर, वन विकास निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची के साथ इस अवसर मंडलीय प्रबंधक वन कार्य मंडल चंबा रघु राम मानव भी मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Back to top button