बड़ी खबरविश्व चक्र

देर रात गांव में घुसकर बरसाई गुंडों ने गोलियां; ले ली 40 लोगों की जान, कई घरों को भी लगा दी आग

मैदुगुरी : अफ्रीकी देश नाइजीरिया में बीती रात कुछ बंदूकधारी गुंडों ने गांव में घुसकर आतंक मचाया। इन्होंने अंधाधुंध फायरिंग करके 40 लोगों की हत्या कर दी। बहुत से घरों को आग लगा दी और काफी लोगों का अपहरण भी कर लिया। हालांकि सुरक्षा एजेंटों ने भी सात हमलावरों को मार गिराया। उधर, देखा जाए तो यह कोई नई बात नहीं है। यहां चरवाहों और किसानों के बीच आए दिन खूनी झड़पें होती रहती हैं।

वारदात नाइजीरिया के उत्तर-मध्य में स्थित पठारी राज्य के गांव जुराक में सोमवार देर रात अंजाम दी गई है। इस बारे में मंगलवार को पठार पुलिस के प्रवक्ता अल्फ्रेड अलाबो के हवाले से जानकारी निकलकर सामने आई कि सुरक्षा एजेंटों के आक्रामक हमले से भागते हुए कुछ हथियारबंद लोग सोमवार देर रात अचानक गांव जुराक में घुस आए। इस झड़प में सुरक्षा एजेंटों ने सात हमलावरों को मार गिराया, जबकि भागते हुए गिरोह के सदस्यों ने नौ लोगों की हत्या कर दी और छह घरों को जला दिया।

ग्रामीणों ने बताई ऐसी बात

हालांकि इस बारे में स्थानीय निवासियों का कहना है कि मरने वालों की संख्या इससे कहीं ज्यादा है। उन्होंने समाचार एजैंसी रॉयटर्स को बताया कि दर्जनों बंदूकधारियों ने मोटरसाइकिलों पर सवार होकर गांव में अंधाधुंध गोलीबारी की। बदमाशाें ने बेरहमी से 40 से ज्यादा लोगों को मार डाला। एक ग्रामीण ने बताया, ‘मैं किसी तरह भागकर पास के एक गांव में पहुंच गया। अब तक, मैंने अपने परिवार के कई सदस्यों को नहीं देखा है’। एक अन्य निवासी टिमोथी हारुना ने रॉयटर्स को बताया कि बंदूकधारियों कई लोगों को मार डाला और कई लोगों का अपहरण कर लिया। कई अन्य लोग गोली लगने से घायल हो गए। उन्होंने हमारे घरों को भी आग लगा दी।

उधर, पुरानी घटनाओं पर गौर करें तो यहां खून-खराबा आम बात है। नाइजीरिया सुरक्षा चुनौतियों से ग्रस्त है, जिसमें इसके उत्तर-पूर्व में 14 साल से चल रहा इस्लामी विद्रोह, दक्षिण-पूर्व में अलगाववादी हिंसा और मध्य क्षेत्र में किसानों और चरवाहों में ऐसी झड़पें अक्सर होती रहती हैं। सूत्रों के मुताबिक हाल के वर्षों में उत्तरी नाइजीरिया में ग्रामीण इलाकों में हमले और फिरौती के लिए अपहरण आम बात हो गई है, जहां सशस्त्र गिरोहों ने गांवों, स्कूलों और यात्रियों को निशाना बनाया है और लाखों नाइरा की फिरौती की मांग की है।

Show More

Related Articles

Back to top button