बड़ी खबरभरत चक्रहरिभूमि

हरियाणा में वोटिंग से एक दिन पहले पंजाब के बॉर्डर एरिया में बस से सवा करोड़ कैश बरामद; सवाल-आखिर कहां से आया?

सिरसा/बठिंडा : लोकसभा चुनाव को लेकर मची गहमागहमी के बीच शुक्रवार को पंजाब के बठिंडा में एक बस से भारी मात्रा में नकदी बरामद की है। पुलिस ने 1 करोड़ 20 लाख रुपए के इस कैश को आयकर प्राधिकरण के हवाले कर दिया है। इसी के साथ सवाल ये है कि आदर्श आचार संहिता के बीच इतना कैश आखिर है किसका? इसे कहां से कहां और किस मकसद से ले जा रहा था? कहीं इस पैसे का इस्तेमाल वोट की खरीद-फरोख्त के लिए तो नहीं किया जाना था? असल में हरियाणा में 25 मई को पंजाब में आखिरी चरण में यानि 1 जून को वोटिंग होनी है।

वाकया हरियाणा के बॉर्डर से सटे पंजाब के बठिंडा जिले के गांव डूमवाली का है। पंजाब पुलिस की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के अपने हैंडल से शेयर की जानकारी के मुताबिक डूमवाली में नाके पर पुलिस ने शक के आधार पर एक बस को रुकवाकर इसमें सवार यात्रियों की तलाशी ली। एक आदमी का बैग खोलते ही उसमें भारी मात्रा में 500-500 रुपए के करारे-करारे नोट दिखाई दिए। इस कैश को जब्त करके जब गिनती की गई तो यह नकदी पूरे 1 करोड़ 20 लाख रुपए की निकली।

पूछताछ में संदिग्ध व्यक्ति काफी देर तक पुलिस को भ्रमित करता रहा। संतोषजनक जवाब नहीं मिल पाने की स्थिति में संबंधित को गिरफ्तार करते हुए आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस ने बरामद की गई नकदी को आयकर प्राधिकरण को सौंप दिया। हालांकि लोकसभा चुनाव को लेकर लगी आचार संहिता के बीच इतनी बड़ी मात्रा में नकदी का मिलना अपने आप में कई बड़े सवाल छोड़ता है। अब देखने वाली बात यह होगी कि आखिर इस पड़ताल में क्या निकलकर आता है।

Show More