हिम चक्र

स्पीकर पठानिया का वादा-अगले 3 साल में भटियात के किसी भी गांव में नहीं रहेगी पीने के पानी की समस्या; होगा स्थायी समाधान

चुवाड़ी में जल शक्ति विभाग के 1 करोड़ 60 लाख से बनने वाले जल एवं स्वच्छता केंद्र एवं विश्राम गृह का शिलान्यास किया कुलदीप सिंह पठानिया ने

राजेन्द्र ठाकुर/चम्बा

हिमाचल प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने शुक्रवार को चम्बा जिले के चुवाड़ी में जल शक्ति विभाग के जल एवं स्वच्छता केंद्र एवं विश्राम गृह का शिलान्यास किया। इस अवसर पर पठानिया ने ऐलान किया कि जून 2027 से पहले भटियात विधानसभा क्षेत्र के सभी गांवों में पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित बनाया जाएगा। 1 करोड़ 60 लाख की अनुमानित राशि से शुरू किए गए इस निर्माण का नींव पत्थर रखने के बाद अपने संबोधन में जल शक्ति मंडल चुवाड़ी के तहत किए जा रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि चालू वित्त वर्ष में 113 करोड़ रुपए की योजनाएं प्रगति पर हैं। इसके अलावा अगले छह माह की समय सीमा के दौरान 135 करोड़ रुपए की नई योजनाएं शुरू की जाएंगी।

पठानिया ने कहा कि दीर्घकालिक योजनाओं के तहत अगले 1 से 2 वर्षों के भीतर भटियात विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं के निर्माण पर 132 करोड़ रूपयों की राशि का आकलन किया गया है। इसके लिए कार्य योजना को भी तैयार कर लिया गया है। विधानसभा अध्यक्ष ने क्षेत्र में पर्यटन विकास की अपार संभावनाओं के दृष्टिगत ढांचागत सुविधाओं के विकास की प्राथमिकता की बात करते हुए कहा कि चुवाड़ी हैलीपैड को हैलीपोर्ट के रूप में स्तरोन्नत किया जा रहा है। इससे यह क्षेत्र पर्यटन के लिहाज से और विकसित होगा।

एक वर्ष की समयावधि निर्धारित

कुलदीप सिंह पठानिया ने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को एक वर्ष की समयावधि के भीतर विश्राम गृह भवन के निर्माण कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूर्ण होने से पर्यटकों सहित स्थानीय लोगों को विश्राम गृह की अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। विधानसभा अध्यक्ष का इससे पहले जलशक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता राजेश मोगरा ने यहां पहुंचने पर स्वागत करते हुए उन्हें शॉल-टोपी एवं स्मृति चिह्न भेंट करके सम्मानित किया। उन्होंने इस दौरान लोगों की समस्याएं भी सुनी।

इस शिलान्यास समारोह में जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव राजीव कौशल, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय कंवर, नगर पंचायत उपाध्यक्ष सुरेंद्र चाड़क, सदस्य निदेशक मंडल वन निगम कृष्ण चंद, अधिशासी अभियंता जल शक्ति राकेश ठाकुर, विद्युत पंकज राठौर, खंड विकास अधिकारी मनीष कुमार, तहसीलदार सुमन धीमान, आईडीएफ परियोजना अधिकारी रामपाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Back to top button