बड़ी खबरराजनीतिहिम चक्र

चम्बा में गरजे BJP अध्यक्ष JP Nadda; बोले-कांग्रेस की तरह मजबूर नहीं, पूरी तरह मजबूत है हमारी सरकार

राजेन्द्र ठाकुर/चम्बा

कांग्रेस पार्टी झूठे वादे करती है, लेकिन हमारी पार्टी हर वादे को पूरा करती है। दस साल पहले मजबूर सरकार थी, आज एक मजबूत सरकार। मजबूर सरकार में पाकिस्तान हमारे ऊपर हमला करता था तो उस दौरान के प्रधानमंत्री इसके लिए पाकिस्तान को डोजियर भेजते थे। मजबूत सरकार वह है, अगर उरी में हमारे नौजवानों पर हमला होता है तो घर में घुसकर मारती है। हमने सर्जिकल स्ट्राइक करके घर में घुसकर मारा। इस बार के लोकसभा चुनाव में 400 का आंकड़ा पार करके एक बार फिर नरेंद्र मोदी को देश का प्रधानमंत्री बनाएंगे। यह दावा शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्‌डा (JP Nadda) ने किया।

डॉ. राजीव भारद्वाज के लिए किया रैली को संबोधित

नड्डा आज पार्टी के चम्बा-कांगड़ा उम्मीदवार डॉक्टर राजीव भारद्वाज के प्रचार में आयोजित रैली को संबोधित करने चम्बा के ऐतिहासिक चौगान में पहुंचे थे। चुनाव प्रचार अभियान के दौरान शनिवार को जब भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा चम्बा के ऐतिहासिक चौगान में पहुंचे तो यहां अनेक लोग उन्हें देखने के लिए लालायित थे। पार्टी के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। जिला भाजपा कार्यकारणी ने चंबा शॉल, चंबा टोपी और चंबा थाल देकर सम्मानित किया। इसके बाद रैली के मंच से जब नड्‌डा बोल रहे थे तो प्रदेश भाजपा कार्यकारणी के लोगों के अलावा जिलेभर से आए समर्थकाें ने उनके विचारों, जिनमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिछले दस साल की उपलब्धियों का बखान किया, बड़े ही ध्यान से सुना।

इंडी गठबंधन घेरा नड्‌डा ने

करीब 20 हजार की भीड़ के बीच भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी के चंबा-कांगड़ा उम्मीदवार डॉ. राजीव भारद्वाज के पक्ष में लोगों से वोट की अपील की और चुनावी अखाड़े में उतरे इंडी गठबंधन (I.N.D.I. Alliance) को वह लगभग हर पहलू पर घेरते नजर आए। नड्डा ने कहा कि दस साल पहले मजबूर सरकार थी, आज एक मजबूत सरकार। मजबूर सरकार वह, जो कश्मीर के आतंकवादियों के नेताओं को प्रधानमंत्री कार्यालय बुलाकर वार्ता करते थे, बिरयानी खिलाते थे। मजबूर सरकार में पाकिस्तान हमारे ऊपर हमला करता था तो उस दौरान के प्रधानमंत्री इसके लिए पाकिस्तान को डोजियर भेजते थे। मजबूर सरकार के कार्यकाल में हर ओर भष्ट्राचार का बोलबाला था। टू-जी, थ्री-जी, जीजा जी, कोयला घोटाला, चीनी, चावल, पनडुब्बी घोटाला, पता नहीं कितने घोटाले? इसके उलट मजबूत सरकार वह है, अगर उरी में हमारे नौजवानों पर हमला होता है तो घर में घुसकर मारती है। हमने सर्जिकल स्ट्राइक करके घर में घुसकर मारा। मजबूत सरकार व मोदी के नेतृत्व में कश्मीर में धारा 370 को धराशायी कर देश में एक, एक निशान एक विधान एक प्रधान बना दिया जाता है। यह है मजबूत सरकार। नड्डा ने कहा जब अमेरिका, चीन यूरोप, ऑस्ट्रेलिया और जापान की अर्थव्यवस्था लड़खड़ाती है तो इन्हीं दस वर्षों में भारत की अर्थ व्यवस्था 11वें नंबर से पांचवें नंबर पर आ जाती है, इसलिए हम सब ने तय किया है कि मोदी के नेतृत्व में मजबूत सरकार चली है और आगे भी चलेगी।

सब्जी वाला भी कर रहा डिजिटल लेन-देन

नड्‌डा ने कहा कि कांग्रेसी बोलते थे, भारत अनपढ़ है, यहां डिजिटल क्या करेगा?। आज मोदी राज में डेढ़ लाख पंचायत में आप्टिकल फाइबर पहुंचा दी है। दो लाख गांवों को कॉमन सर्विस सैंटर से जोड़ दिया है। कांग्रेसियों को यह भी मालूम नहीं कि जिसे वह अनपढ़ कहते थे, आज सब्जी बेचने वाला भी डिजिटल लेन-देन कर रहा है। आज गरीबों को फ्री राशन मिल रहा है। मोदी की नीतियों के दम पर आज 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकल आए हैं। प्रधानमंत्री को गरीब, युवा, अन्नदाता नारी शक्ति की चिंता है। इसी मंत्र को लेकर हम आगे बढ़ रहे हैं। मोदी की नीतियों व कार्यों ने गांव, गरीब, वंचित, पीड़ित, शोषित, दलित, युवा किसान, महिला सब को ताकत देने का काम किया। इसी का परिणाम है कि देश के लोग भाजपा के साथ हैं और इसी साथ के दम पर हम न सिर्फ चंबा-कांगड़ा समेत हिमाचल की सभी चार सीटों पर जीत हासिल करेंगे, बल्कि 400 का आंकड़ा पार करके मोदी को एक बार फिर से देश का प्रधानमंत्री बनाएंगे। उन्होंने चंबा की जनता से अपील की कि यहां के मजबूत, मिलनसार व हर किसी का दर्द समझने वाले डा. राजीव भारद्वाज को भारी बहुमत से जिताकर भेजना।

चंबा मैडिकल कॉलेज समेत इन उपलब्धियों का भी किया जिक्र

किसी ने नहीं सोचा था, चंबा में मैडिकल कॉलेज बनेगा। मोदी सरकार के आते ही चंबा, सिरमौर, मंडी में मैडिकल कॉलेज ओर बिलासपुर में एम्स स्थापित किया गया। स्वास्थ्य के क्षेत्र में हिमाचल को इससे बड़ी देन हो ही नहीं सकती। आज हिमाचल में आईआईएम, आईआईटी जैसे स्थान खुलने, बल्क ड्रग पार्क, मैडिकल डिवाइस पार्क बनने के साथ नैशनल हाइवे बने हैं। पहले जहां एक बारात में चार दिन लग जाते थे, वहीं अब एक दिन में चार-चार बारात आदमी अटैंड कर सकता है। यही आज का बदलता हिमाचल है। अब तो चंबा के ही मूल निवासी हर्ष महाजन राज्यसभा सदस्य बनकर दिल्ली पहुंचे हैं। ऐसे में दिल्ली में चंबा की आवाज और भी मजबूत होगी। अब चंबा की चिंता इनका काम है।

ये वरिष्ठ भाजपाई भी रहे रैली में उपस्थित

इस जनसभा में वरिष्ठ नेताओं में राज्यसभा सदस्य हर्ष महाजन, डॉ. हंसराज, डॉ. जनक राज, विक्रम जरयाल, डीएस ठाकुर, पूर्व विधायक पवन नैय्यर, धीरज नरियाल, जसवीर नागपाल, नगर परिषद अध्यक्ष नीलम नैय्यर, जिया लाल, यश परमार, सीमा कश्यप, धन्नो देवी, चंपा शर्मा, पूजा, ईदू, कौशल्या, विभिन्न मंडलों के अध्यक्षों के अलावा और पार्टी के कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Back to top button