वायरल न्यूज

धनिये की चार पत्ती फ्री में चाहने वालों के काम की बात; Blinkit के CEO ने ऐसे दिया महिला की डिमांड का जवाब

दो-तीन दिन से सोशल मीडिया पर लोगों की ऑनलाइन डिमांड पूरी करने वाली कंपनी Blinkit के चीफ एग्जेक्यूटिव अफसर (CEO) अलबिंदर ढींडसा की एक पोस्ट खासी वायरल हो रही है। इसका कंजूस किस्म के उन लोगों के साथ सीधा संबंध है, जो दुकान पर जाते हैं ताे सब्जी के साथ हरा धनिया फ्री में लेकर ही मानते हैं। अब सोशल मीडिया यूजर्स न सिर्फ ढींडसा की तारीफें कर रहे हैं, बल्कि कंपनी की टांग खिंचाई भी कर रहे हैं। अब सवाल यह है कि इतनी फजीहत आखिर हो क्यों रही है?

दरअसल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर 15 मई को अंकित सावंत नामक एक यूजर के हैंडल से एक पोस्ट की गई। इसमें अंकित ने लिखा है, ‘मेरी मां यह देखकर हैरान रह गई कि ब्लिंकिट से सब्जियां ऑर्डर करने पर धनिये के भी पैसे देने भी पड़े। मां ने सुझाव दिया है कि कुछ सब्जी खरीदने पर धनिया फ्री में मिलना ही चाहिए’। यह पोस्ट वायरल हो गई। लोगों की तरफ से धड़ाधड़ रिएक्शन आने लगे। यहां तक कि बात Blinkit के सीईओ तक भी पहुंच गई।

इसके बाद ब्लिंकिट के सीईओ अलबिंदर ढींडसा ने जवाब में ऑर्डर डिटेल्स को साझा करते हुए लिखा है, ‘अब इसे लागू कर दिया गया है, कृपया सभी लोग अंकित (पोस्ट करने वाले यूजर) की मां को धन्यवाद दें। अगले कुछ दिनों में इसे और अच्छे तरीके से लागू कर दिया जाएगा’। अब अलबिंदर ढींडसा का यह जवाब भी खासा चर्चा में है। बड़ी संख्या में लोग इसे देख रहे हैं। शेयर कर रहे हैं और अपने-अपने हिसाब से कमैंट्स भी कर रहे हैं।

किसने क्या लिखा वायरल पोस्ट पर?

एक यूजर ने लिखा है, ‘इस तेजी से डिमांड पूरी करने के लिए धन्यवाद। शायद ही कोई इस तरह का बदलाव इतनी तेजी से करता हो’। एक यूजर ने पूछा है कि क्या सभी की मां एक जैसी होती हैं? मेरी मां भी इसी तरह फ्री धनिया की शिकायत करती रहती हैं। एक ने लिखा कि मैं तो सब्जी ऑनलाइन लेता ही नहीं, ये लोग दाम भी कम नहीं करते। अधिक सब्जी खरीदने पर दुकानवाले खुद ही दाम कर देते हैं। एक अन्य ने लिखा कि बाजार के दुकानदार तो अपने ग्राहकों को बिना मांगे धनिया फ्री में देते हैं, यहां मांगने के बाद जब दे रहे हैं तो भी लोग वाह-वाही कर रहे हैं। इन सबसे ऊपर पांचवें सोशल मीडिया यूजर ने तो हद ही कर दी। उसने कमैंट किया है, ‘जब धनिया दे ही रहे थे तो दो-चार मिर्च भी डाल देते’।

Show More

Related Articles

Back to top button