हिम चक्र

स्पीकर पठानिया ने की भटियात हलके के विकास कार्यों की समीक्षा; सभी टारगेट तय समय में पूरा करने के दिए निर्देश

राजेन्द्र ठाकुर/चम्बा

जिले के चुवाड़ी में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने रविवार को प्रशासनिक अफसरों की एक बैठक ली। इसका मकसद भटियात विधानसभा क्षेत्र में हो रहे या होने वाले विकास कार्यों की समीक्षा करना था। विकास खंड कार्यालय भटियात के पंचायत समिति सभागार में पठानिया ने लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, एचपीएसईबीएल, शिक्षा, कृषि, बागवानी, पशुपालन, स्वास्थ्य, वन, भू-संरक्षण नगर पंचायत चुवाड़ी और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग आदि के अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को तय समय में हासिल करने के निर्देश दिए।

बैठक की अध्यक्षता कर रहे कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि भटियात विधानसभा क्षेत्र के तहत लोक निर्माण विभाग के माध्यम से आठ निर्माण कार्यों पर लगभग 85 करोड रुपए खर्च किए जा रहे हैं, जिनमें से दो विकास कार्यों को हाल ही में पूरा किया जा चुका है। सीआरआईएफ के तहत सिंहुता से चुवाड़ी सड़क मार्ग पर 52 करोड़ 82 लाख रुपए खर्च किए जा रहे हैं, जबकि चुवाडी से जोत सड़क पर 20 करोड़ 34 लाख रुपए खर्च किए जा रहे हैं। चुवाड़ी-चंबा टनल की डीपीआर तैयार करने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा 4 करोड़ पर स्वीकृत किए गए हैं और भविष्य में बीओटी आधार पर इसे बनाने के लिए भी प्रदेश सरकार विचार कर रही है। इसके अलावा भटियात विधानसभा क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। इस क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से से विकसित करने के लिए निजी क्षेत्र को निवेश करने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। उप मंडल मुख्यालय भटियात में मिनी सचिवालय भवन निर्माण के लिए भूमि चयन सहित अन्य सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि जल्द ही यहां एक ही छत के नीचे लोगों को सभी समस्याओं का समाधान मिल सके।

विधुत विभाग के संबंध में जानकारी देते हुए स्पीकर पठानिया ने बताया कि क्षेत्र में एचपीएसईबीएल के माध्यम से 45 विभिन्न विकास कार्यों पर लगभग 6 करोड रुपए खर्च किए जा रहे हैं। क्षेत्र में बिजली की लो वोल्टेज की समस्या से निजात पाने के लिए निकट भविष्य में इस क्षेत्र में 125 नए ट्रांसफार्मर लगाए जा रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि आने वाली समय में इस क्षेत्र में 33 केवीए के दो नए सब स्टेशन स्थापित किए जाएंगे, जिससे आने वाले लगभग 15 वर्षों तक में इस क्षेत्र में बिजली की समस्या पूरी तरह समाप्त हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग के द्वारा लगभग 280 करोड़ की पेयजल और सिंचाई योजनाओं से संबंधित 48 विकास कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा 266 करोड़ रुपए की पेयजल और सिंचाई योजनाओं से संबंधित विभिन्न प्रस्ताव संबंधित संस्थाओं को मंजूरी के लिए भेजे गए हैं।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार विपरीत आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद प्रदेश में गरीब कल्याण और एक समान विकास सहित समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए कृतसंकल्प है। प्रदेश को आर्थिक चुनौतियों से उबारकर आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार अनेक सार्थक कदम उठा रही है।

इस अवसर पर उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव, मुख्य अभियंता लोनिवि अनीता वैद, मुख्य अभियंता जल शक्ति विभाग सुरेश महाजन, मुख्य अभियंता एचपीएसईबीएल अजय गौतम, अधीक्षण अभियंता लोनिवि दिवाकर पठानिया, अधीक्षण अभियंता जल शक्ति विभाग राजेश मोंगरा, अधीक्षण अभियंता एचपीएसईबीएल राजीव ठाकुर, डीएफओ डलहौजी रजनीश महाजन सहित कृषि, पशुपालन, बागवानी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग सहित कई अन्य विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Back to top button