Himachal Pradesh

National Safe Motherhood Day : सरोल के हैल्थ एंड वैलनैस सैंटर में आयोजित कार्यक्रम में 40 गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं ने भाग लिया

राजेन्द्र ठाकुर/चम्बा

चम्बा में शुक्रवार को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की तरफ से राष्ट्रीय सुरक्षित मातृत्व दिवस 2024 मनाया गया। इस अवसर पर हैल्थ एंड वैलनैस सैंटर सरोल में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र की 40 गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं ने भाग लिया। इस मौके पर स्वास्थ्य शिक्षका निर्मला ठाकुर ने बताया कि हर साल इस दिवस को मनाने का उद्देश्य गर्भावस्था के दौरान मां को अपनी उचित देखभाल के बारे में जागरूक करना है।

स्वास्थ्य शिक्षका निर्मला ठाकुर ने कहा कि स्वयं स्वस्थ रहकर ही एक महिला एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दे सकती है। इसके लिए जरूरी है कि वह गर्भावस्था का पता चलते ही जल्द से जल्द अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में रजिस्ट्रेशन करवाए। स्वास्थ्य केंद्र में मिलने वाली स्वास्थ्य सेवायों का लाभ ले। इसके साथ ही गर्भवस्था के दौरान कम से कम चार बार स्वास्थ्य केंद्र में अपनी जांच जरूर करवाए। गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक आहार ले। रात को आठ घंटे की नींद और दिन को दो घंटे का आराम जरूर करे। गर्भावस्था के दौरान खून की कमी को रोकने के लिए आयरन और फोलिक एसिड की गोली, कैल्शियम की गोली जरूर खाएं।

उन्होंने महिलाओं को जागरूक किया कि खतरे के लक्षण दिखते ही तुरंत डॉक्टर से सम्पर्क करें। प्रसव स्वास्थ्य संस्थान में प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मचारी से ही करवाएं। उधर, इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग स्वास्थ्य पर्यवेक्षक कांता देवी, हैल्थ एंड वैलनैस सैंटर सरोल की स्वास्थ्य कार्यकर्ता बिमला देवी, सीएचओ रागिनी बेदी और इलाके की आशा कार्यकर्ता भी उपस्थित रही।

Show More

Related Articles

Back to top button