बासमती की खेती को बढ़ावा देने के लिए किसान मित्र भर्ती करेगी पंजाब सरकार, जानें क्या है योग्यता

-
फिरोजपुर के मुख्य जिला कृषि अधिकारी डॉ. तेजपाल सिंह ने दी जानकारी-हर दो गांवों पर होगी एक किसान मित्र की तैनाती
फिरोजपुर. पंजाब सरकार की तरफ से बासमी की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए फसली विविधता अभियान के नई पहलकदमी की जा रही है। इसके तहत हर दो गांवों में एक किसान मित्र नियुक्त किया जाएगा। यह जानकारी फिरोजपुर के मुख्य जिला कृषि अधिकारी डॉ. तेजपाल सिंह ने सांझा की।
मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. तेजपाल ने बताया कि पंजाब सरकार प्रदेश में फसली विविधता के निरंतर प्रयासरत है। इसी के चलते अब सरकार ने निर्णय लिया है कि किसानों को फसलों की खेती का प्रशिक्षण देने के लिए गांव-गांव में किसान मित्र तैनात रहेंगे। फिरोजपुर जिले में भी हर दो गांव में एक किसान मित्र भर्ती किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि किसान मित्र भर्ती करने के लिए प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास है और आयु 45 वर्ष से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए। किसान मित्र को बासमती की खेती का कम से कम तीन साल का अनुभव होना चाहिए। वो पात्र अभ्यर्थी 18 मार्च तक अपने प्रखंड कृषि पदाधिकारी को आवेदन कर सकते हैं।
मुख्य कृषि अधिकारी ने बताया कि किसानों को बासमती की खेती की जानकारी देने के लिए कृषि विभाग द्वारा गांवों में सूचना पटल भी लगाया जाएगा, जिसमें मौसमी फसलों के संबंध में एडवायजरी लिखी जाएगी। उन्होंने कहा कि किसान इस संबंध में अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए नजदीकी कृषि कार्यालयों में संपर्क कर सकते हैं।