AgricultureHimachal PradeshIndiaLatest NewsScience And Technology

ई वेस्ट प्रोसैसिंग यूनिट में लगी आग, अंदर सो रहे 5 में से 2 कामगारों की मौत

राजेन्द्र ठाकुर/चंबा

हिमाचल प्रदेश के चंबा में शुक्रवार रात को एक औद्योगिक इकाई में आग लग जाने से दो मजदूरों की मौत हो गई। हालांकि गनीमत यह भी रही कि साथ सो रहे इनके तीन साथी सुरक्षित हैं। उधर, अगलगी की इस घटना में करोड़ों के नुकसान की आशंका है, क्योंकि यहां टनों के हिसाब से प्लास्टिक मौजूद था। बहरहाल, नुकसान का आंकलन जारी है।

वाकया उपमंडल भाटियात के हटली औद्योगिक क्षेत्र का है। मिली जानकारी के अनुसार अवस्थी ई वेस्ट प्रोसैसिंग यूनिट में शुक्रवार देर रात अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड भी मौके पर जुटने लगी। चंबा और कांगड़ा से पांच अग्निशमन वाहन मौके पर आग बुझाने के लिए पहुंचे। हादसे के वक्त यहां पांच मजदूर अंदर सोए थे। इनमें से 3 मजदूरों को वक्त रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, वहीं बिहार के विवेकानंद महतो पुत्र विश्वनाथ महतो और नेपाल मूल के सूरज कुमार पुत्र वीर बहादुर की मौत हो गई।

इस घटना की पुष्टि करते हुए चुवाड़ी के थाना प्रभारी रमन चौधरी ने बताया कि हटली क्षेत्र में प्लास्टिक फैक्ट्री में लगी से अंदर सोए पांच मजदूरों में से तीन को सुरक्षित निकाल लिया गया है और दो मजदूरों की मौत हो गई है। उधर, भटियात के विधायक कुलदीप सिंह पठानिया ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को दुर्घटना क्षेत्र में प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता पहुंचाने के लिए निर्देशित किया है। शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने भी दुर्घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने भी इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस घटना के बारे में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को भी अवगत करवाया गया है। मुख्यमंत्री ने प्रभावितों को यथासंभव सहायता के निर्देश दिए हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button